India Women vs Zimbabwe Women 3rd ODI: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया है। बुधवार (28 अक्टूबर) को कोटंबी के वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 8 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 131 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके जवाब में भारतीय टीम ने सिर्फ 17 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम एक बार फिर भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। टीम की बल्लेबाज बड़ी साझेदारी करने में नाकाम रहीं और पूरी पारी 39.5 ओवर में 131 रन पर सिमट गई।
जिम्बाब्वे के लिए सलामी बल्लेबाज मोडेस्टर मुपाचिक्वा ने 48 गेंदों में 37 रन की सबसे बड़ी पारी खेली। वहीं, कप्तान जोसेफिन नकोमो ने पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 67 गेंदों में 35 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सकी।