Women's T20 World Cup 2026 Warm-Up, India Women vs West Indies Women: महिला टी20 विश्व कप 2026 से पहले खेले जा रहे वॉर्म-अप मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को 26 रन से हरा दिया। भारती फुलमाली की अर्धशतकीय पारी और श्रेयंका पाटिल की घातक गेंदबाजी की बदौलत भारत ने जीत के साथ अपनी तैयारियों का आगाज किया।
12 जून से इंग्लैंड में शुरू होने वाले महिला टी20 विश्व कप 2026 से पहले सभी टीमें वॉर्म-अप मैचों के जरिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। इसी कड़ी में कार्डिफ के सोफिया गार्डन स्टेडियम में सोमवार (8 जून) को भारत और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबला खेला गया।
वेस्टइंडीज की कप्तान शिनेल हेनरी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने उनके इस फैसले को गलत साबित कर दिया। कप्तान स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 32 गेंदों में 59 रन जोड़कर टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई। स्मृति ने 23 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि शेफाली ने 13 गेंदों में 29 रन की तेज पारी खेली।