एशिया कप 2023 के सुपर 4 में भारत ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की मदद से श्रीलंका को 41 रन से हराते हुए फाइनल में जगह बना ली। श्रीलंका की तरफ से दुनिथ वेल्लालागे ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया लेकिन टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। वो अंत तक टिके रहे। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। इस जीत के साथ भारत ने श्रीलंका के लगातार 13 वनडे जीत पर ब्रेक लगा दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पूरी भारतीय टीम 49.1 ओवर में 213 के स्कोर पर ढेर हो गयी। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन कप्तानी रोहित शर्मा के बल्ले से निकले। उन्होंने 48 गेंद में 7 चौको और 2 छक्कों की मदद से 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। ये उनका लगातार तीसरा अर्धशतक है। उनके अलावा केएल राहुल ने 39(44) और ईशान किशन ने 33(61) रन बनाये। वहीं अंत में अक्षर पटेल ने 26(36) रन का योगदान दिया। श्रीलंका की तरफ से सबसे ज्यादा 5 विकेट दुनिथ वेल्लालागे ने हासिल किये। ये वेल्लालागे का पहला 5 विकेट हॉल है। वहीं 4 विकेट पार्ट टाइम गेंदबाज चरित असलंका लेने में सफल रहे। एक विकेट महीश तीक्ष्णा को मिला।
India overcome Dunith Wellalage's fighting all-round show to notch up second win in the Super 4 stage of #AsiaCup2023 #INDvSL : https://t.co/BBkqm36Lj3 pic.twitter.com/UzWLGenICC
— ICC (@ICC) September 12, 2023
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम 41.3 ओवर में 172 पर लुढ़क गयी। श्रीलंका की तरफ से सबसे ज्यादा रन दुनिथ वेल्लालागे ने बनाये। उन्होंने 46 गेंद में 3 चौके और एक छक्के की मदद से 42* रन की पारी खेली। धनंजय डी सिल्वा ने 66 गेंद में 5 चौको की मदद से 41 रन बनाये। वेल्लालागे और सिल्वा ने 63 (75) रन की बेहतरीन साझेदारी की। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा 4 विकेट कुलदीप यादव ने लिए। वहीं 2-2 विकेट जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को मिला। एक-एक विकेट मोहम्मद सिराज और हार्दिक पांड्या लेने में सफल रहे।