आईपीएल 2023 के 25वें मैच में मुंबई इंडियंस ने कैमरून ग्रीन (Cameron Green) के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की वजह से सनराइजर्स हैदराबाद को 14 रन से हरा दिया। यह मुंबई की लगातार तीसरी जीत है। इस मैच में हैदराबाद के कप्तान एडेन मार्कराम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इस मैच में मुंबई इंडियंस ने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में तिलक वर्मा की जगह रिले मेरेडिथ को खिलाया। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने टी नटराजन की जगह इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में अब्दुल समद को खिलाया।
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 187 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन कैमरून ग्रीन ने बनाये। उन्होंने 36 गेंद में 6 चौको और 2 छक्कों की मदद से 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। ये अर्धशतक उन्होंने 33 गेंद में जड़ दिया। ये आईपीएल में उनका पहला अर्धशतक है। उन्होंने तिलक वर्मा (17 गेंद में 37) के साथ चौथे विकेट के लिए 56(29) रन की साझेदारी की। उनके अलावा ईशान किशन ने 31 गेंद में 3 चौको और 2 छक्कों की मदद से 38 रन की पारी खेली। हैदराबाद की तरफ से सबसे ज्यादा 2 विकेट मार्को यानसेन ने लिए। उनके अलावा एक-एक विकेट भुवनेश्वर कुमार और टी नटराजन को मिला। वहीं टिम डेविड का विकेट रन आउट के रूप में आया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम 19.5 ओवर में 178 पर सिमट गयी। टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन मयंक अग्रवाल के बल्ले से निकले। उन्होंने 41 गेंद में 4 चौके और एक छक्के की मदद से 48 रन की पारी खेली। उनके अलावा हेनरिक क्लासेन ने तेजी से 16 गेंद में 4 चौको और 2 छक्कों की मदद से 36 रन की पारी खेली। मयंक और क्लासेन ने 5वें विकेट के लिए 55(29) रन जोड़े। मुंबई की तरफ से 2-2 विकेट जेसन बेहरेनडॉर्फ, रिले मेरेडिथ और पीयूष चावला ने लिए। उनके अलावा एक- एक विकेट कैमरून ग्रीन और अर्जुन तेंदुलकर को मिला। इसके अलावा 2 विकेट रन आउट के रूप में आये।