इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) का सीजन धीरे-धीरे करीब आ रहा है और इसी बीच चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के महान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) सुर्खियों में लौट रहे हैं। आईपीएल 2024 के लिए धोनी ने एक बार फिर तैयारियां करने शुरू कर दी है और वो नेट्स में अभ्यास करते हुए भी नजर आए हैं। आगामी सीजन में भी धोनी ही चेन्नई सुपर किंग्स की अगुवाई करेंगे, लेकिन इसी बीच फैंस के मन में ये सवाल है कि क्या धोनी के लिए ये आईपीएल सीजन आखिरी सीजन होगा।
अगर आपके मन में भी ये ही सवाल है तो आपको बता दें कि धोनी के करीबी दोस्त इरफान पठान ने खुद इसका जवाब दिया है। दरअसल, इरफान पठान का मानना है कि धोनी बेहद फिट है और उनका ये आखिरी आईपीएल सीजन होगा ऐसा कहना बिल्कुल ही सही समझ नहीं आता।
इरफान पठान ने स्टार स्पोर्ट्स पर धोनी की फिटनेस की तारीफ करते हुए इस सवाल का जवाब दिया और बड़ी भविष्यवाणी कर दी। उन्होंने कहा, 'निश्चित रूप से नहीं। मैं लगभग एक महीने पहले धोनी से मिला था। तब उनके बाल लंबे थे, वो अपना बाल बढ़ा रहे हैं। वो पुराने दिनों में वापस आ रहे हैं और बेहद फिट हैं। एक ऐसा व्यक्ति जो 40 साल की उम्र को पार कर चुका है और अभी भी फिट दिख रहा है तो मैं वास्तव में उनके लिए और सीएसके लिए और सभी फैंस के लिए उम्मीद करता हूं कि वो खेलना जारी रखेंगे।'