भारतीय टीम के पूर्व शानदार ऑलराउंडर इरफान पठान ने चैन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी द्वारा अभ्यास सत्र में एक नई चीज के अभ्यास को लेकर हैरानी जताई है। हम सभी जानते है कि धोनी कभी भी नेट में विकेटकीपिंग का अभ्यास नहीं करते हैं लेकिन इस बार वह विकेट के पीछे भी अभ्यास करते हुए नजर आए।
चेन्नई सुपर किंग्स ने एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें धोनी विकेटकीपिंग में कई तरह के अभ्यास करते हुए नजर आ रहे है। पठान ने इस बारे में कहा कि शायद यह इसलिए क्योंकि धोनी एक लंबे समय से क्रिकेट से दूर है।
इरफान पठान ने स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत के दौरान कहा कि, "हमें एक नया दृश्य देखने को मिल रहा है। इसमें धोनी विकेटकीपिंग करते हुए नजर आ रहे है। यह कभी नहीं होता है यह हमारे लिए एक नई चीज है। मैंने धोनी के साथ कई मैच खेले हैं चाहे वह भारत के लिए हो या फिर उनके साथ चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के लिए हो लेकिन आज तक मैंने उन्हें कभी विकेटकीपिंग का अभ्यास करते हुए नहीं देखा है।"