राजस्थान रॉयल्स को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अहम मुकाबले में हार का सामना तो करना ही पड़ा लेकिन फील्डिंग के दौरान उनके लिए कुछ चिंता भरे दृष्य़ भी देखने को मिले। दरअसल, मैच के दौरान शतकवीर वैभव सूर्यवंशी लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए जिसे देखकर फैंस फिक्र करने लगे कि क्या सूर्यवंशी चोटिल होकर इस मैच से बाहर हो गए हैं?
15 साल के इस खिलाड़ी ने फील्डिंग के दौरान परेशानी महसूस की और पारी के बीच में ही उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। हालांकि, मैच के तुरंत बाद ही फैंस के लिए राहत की खबर आई। RR के बैटिंग कोच विक्रम राठौर ने एक राहत भरी जानकारी दी, जिससे पता चला कि चोट शायद ज़्यादा गंभीर नहीं है। राठौर ने मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "उसे अपनी हैमस्ट्रिंग में कुछ महसूस हो रहा था, लेकिन अब वो ठीक लग रहा है। उसका इलाज हो गया है, इसलिए वो ठीक दिख रहा है। हमें एक-दो दिन में पूरी बात पता चल जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं लगता कि चोट ज़्यादा गंभीर है।"
ये घटना सवाई मानसिंह स्टेडियम में दूसरी पारी की शुरुआत में हुई। SRH की पारी के चौथे ओवर में बाउंड्री की तरफ जा रही गेंद का पीछा करते हुए, सूर्यवंशी अचानक रुक गए और अपनी हैमस्ट्रिंग पकड़ते हुए दिखे। उन्होंने तुरंत परेशानी का इशारा किया और फिजियो ने उनकी जांच की, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाने में मदद की गई। शुरुआती तस्वीरों से लगा कि या तो हैमस्ट्रिंग में खिंचाव है या फिर गंभीर क्रैम्प (ऐंठन) है।