WPL 2026, Delhi Capitals Women vs UP Warriorz Women Highlights: महिला प्रीमियर लीग 2026 के आखिरी लीग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी वॉरियर्स को 5 विकेट से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए यूपी वॉरियर्स की टीम 122 रन ही बना सकी। जवाब में दिल्ली के लिए शेफाली वर्मा और लौरा वोल्वार्ट ने अहम साझेदारी की। वहीं जेमिमा रोड्रिग्स ने कप्तानी पारी खेल दिल्ली का प्लेऑफ का टिकट पक्का किया।
महिला प्रीमियर लीग 2026 का 20वां और आखिरी लीग मुकाबला रविवार (1 फरवरी) को वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, कोटांबी में खेला गया। दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया, जो टीम के लिए पूरी तरह सही साबित हुआ।
पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी यूपी वॉरियर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान मेग लैनिंग पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गईं। दीप्ति शर्मा ने 19 गेंदों में 24 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन अन्य बल्लेबाज़ों से कोई खास सहयोग नहीं मिला। चार्ली नॉट (12), हरलीन देओल (3) और डिआंड्रा डॉटिन (5) सस्ते में पवेलियन लौट गईं।