महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर में भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार (6 मई) से खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस दमदार प्रदर्शन के केंद्र में रहे अनुभवी सलामी बल्लेबाज केएल राहुल, जिन्होंने शानदार शतक लगाकर न सिर्फ टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई बल्कि एक बड़ा व्यक्तिगत रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और यशस्वी जायसवाल (24) के रुप में लगे शुरुआती झटके के बाद केएल राहुल ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। राहुल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 165 गेंदों में 100 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 11 शानदार चौके लगाए और अफगान गेंदबाजों को लंबे समय तक विकेट के लिए तरसाया।
राहुल की इस पारी को और भी खास बनाने वाला तथ्य यह है कि उन्होंने इसके साथ सक्रिय भारतीय टेस्ट खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अब उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 12 शतक हो गए हैं। इस सूची में भारतीय कप्तान शुभमन गिल 11 शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।