साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम (South Africa Cricket Team) के तेज गेंदबाज़ लुंगी एनगिडी (Lungi Ngidi) ने बीते रविवार, 22 फरवरी को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के सुपर-8 राउंड के तीसरे मुकाबले में भारत के खिलाफ बेहद ही गज़ब की गेंदबाज़ी की। खास बात ये है कि इस मुकाबले में लुंगी ने टीम इंडिया के किसी भी खिलाड़ी को आउट नहीं किया, हालांकि इसके बावजूद उन्होंने ऐसा कारनामा कर दिखाया है जो कि पिछले सात सालों में T20I में भारत के सामने दुनिया का कोई भी दूसरा तेज गेंदबाज़ नहीं कर पाया था।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि भारत-साउथ अफ्रीका के बीच हुए इस मुकाबले में लुंगी एनगिडी ने अपने कोटे के 4 ओवर में 3.75 की इकोनॉमी से सिर्फ 15 रन दिए। यहां उन्होंने कोई विकेट नहीं लिया, लेकिन गौर करने वाली बात ये है कि उन्होंने टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज़ों के सामने कोई भी बाउंड्री नहीं दी।
इसी के साथ अब लुंगी एनगिडी साल 2019 के बाद से दुनिया के ऐसे पहले तेज गेंदबाज़ बन गए हैं, जिन्होंने T20I में टीम इंडिया के खिलाफ बिना कोई बाउंड्री दिए 4 ओवर डाले। करीब सात साल पहले साउथ अफ्रीका के ही बाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ ब्यूरन हेंड्रिक्स ने बेंगलुरु टी20 में भारत के खिलाफ ये कारनामा किया था।