भारत और अफ़गानिस्तान के बीच खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में शानदार डेब्यू करने वाले ऑलराउंडर मानव सुथार के लिए एक और खुशखबरी आई है। मैच विनिंग परफॉर्मेंस देने के बाद उन्होंने इंग्लिश काउंटी क्लब वार्विकशायर के साथ करार कर लिया है। सुथार मौजूदा काउंटी चैंपियनशिप डिवीज़न वन के अगले दो राउंड के लिए क्लब के साथ खेलने को तैयार हैं।
ये युवा खिलाड़ी यॉर्कशायर के खिलाफ़ होने वाले अगले मैच में खेलेगा, जो 12 से 15 जून तक होगा। इसके बाद वो समरसेट के खिलाफ़ भी एक मैच खेलेंगे, जो टॉनटन में खेला जाएगा। अपने पहले काउंटी करार पर सुथार ने कहा, "मैं अगले दो काउंटी चैंपियनशिप मैचों के लिए वार्विकशायर से जुड़ने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। टीम ने सीज़न की शुरुआत बहुत अच्छी की है, इसलिए मुझे उम्मीद है कि मैं उन्हें खिताब जीतने की कोशिश में मदद कर पाऊंगा।"
बता दें कि सुथार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने शानदार डेब्यू से क्रिकेट जगत को प्रभावित किया। उन्होंने टेस्ट की पहली पारी में छह विकेट लिए और दूसरी पारी में भी एक विकेट हासिल किया। मैच में कुल सात विकेट लेने के साथ-साथ उन्होंने निचले क्रम में बल्लेबाज़ी करते हुए 28 रन का अहम योगदान भी दिया। उन्हें उनके इस ऑलराउंडप प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' भी चुना गया।