SA vs BAN 1st Test: साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में अच्छी वापसी की है। जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले के दूसरे दिन बांग्लादेश की पहली पारी 400 रन पर खत्म हुई। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने मार्क्स एकरमैन (Marques Ackerman) के तूफानी शतक से दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट के नुकसान पर 287 रन बना लिए हैं।
बांग्लादेश की ओर से पहली पारी में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे तौहीद हृदय ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 227 गेंदों का सामना करते हुए 137 रन बनाए। उन्हें विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास का बेहतरीन साथ मिला। लिटन ने भी 179 गेंदों में 120 रन बनाए और छठे विकेट के लिए तौहीद के साथ 206 रनों की अहम साझेदारी की। इनके अलावा सलामी बल्लेबाज तंजिद हसन ने 67 रन बनाए थे।
साउथ अफ्रीका की ओर से गेंदबाजी में कगिसो रबाडा सबसे सफल रहे। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट अपने नाम किए। वहीं डेन पैटरसन ने चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा, जबकि मार्को यानसन को एक सफलता मिली।