NZ vs IND 4th ODI: न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी (Matt Henry) ने भारत के खिलाफ चौथे वनडे मुकाबले में अपनी घातक गेंदबाजी से कहर बरपा दिया। शुक्रवार (13 नवंबर) को माउंट माउंगानुई के बे ओवल में खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़कर रख दी। भारतीय टीम के युवा स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) भी उन्हीं का शिकार बने।
दरअसल, इस मुकाबले में न्यूजीलैंड से मिले 334 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को पहले ही ओवर में मैट हेनरी ने तीन बड़े झटके दे दिए थे। रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर को उन्होंने खाता भी नहीं खोलने दिया। शुरुआती झटकों के बाद ईशान किशन ने पारी को संभालने की कोशिश की और कुछ समय तक क्रीज पर टिके रहे।
हालांकि, मैट हेनरी ने उन्हें भी ज्यादा देर तक बल्लेबाजी करने का मौका नहीं दिया। ईशान 52 गेंदों का सामना करते हुए 27 रन बनाकर खेल रहे थे। भारतीय पारी के 20वें ओवर में हेनरी एक बार फिर गेंदबाजी करने आए। उन्होंने ओवर की पहली ही गेंद ऑफ स्टंप के बाहर गुड लेंथ पर डाली, जो पिच से पड़ने के बाद तेजी से अंदर की तरफ आई।