पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला मंगलवार (2 जून) को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर मैथ्यू शॉर्ट ने गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज सलमान अली आगा को शानदार गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया।
232 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि माज सदाकत खाता नहीं खोल सके। इसके बाद बाबर आजम से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह भी 16 गेंदों में 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
महज 5 ओवर के भीतर तीन विकेट गंवाने के बाद पाकिस्तान मुश्किल में था। ऐसे समय में सलमान अली आगा पर पारी को संभालने की जिम्मेदारी थी, लेकिन मैथ्यू शॉर्ट ने उन्हें ज्यादा देर टिकने नहीं दिया।