IPL 2022: ओडेन स्मिथ (4/30) और कगिसो रबाडा (2/29) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत यहां महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में बुधवार को खेले गए आईपीएल 2022 के मुकाबले में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने मुंबई इंडियंस (एमआई) को 12 रन से हरा दिया। पंजाब ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 198 रन बनाए थे। एमआई के बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस (49) और तिलक वर्मा (36) के बीच 84 रन की साझेदारी हुई। मुंबई की इस हार के साथ टीम की यह लगातार पांचवीं हार है। पंजाब द्वारा दिए गए 199 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम की शुरुआत शानदार रही। सलामी जोड़ी कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन ने टीम के लिए अच्छी शुरुआत की। शर्मा 13 गेंदों पर 22 रन और ईशान किशन पांच गेंदों पर तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद चौथे ओवर में कगिसो रबाडा ने मुंबई को पहला झटका दिया।
रबाडा ने रोहित को वैभव अरोड़ा के हाथों कैच कराया। रोहित 17 गेंदों पर 28 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाए। आउट होने से पहले रोहित ने टी-20 क्रिकेट में 10 हजार रन भी पूरे किए। वे ऐसा करने वाले दुनिया के सातवें और भारत के दूसरे खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले विराट कोहली ने यह कारनामा कर दिखाया था। रोहित के नाम 10,003 टी-20 रन हैं। वहीं, विराट के नाम 10,379 टी-20 रन हैं। शर्मा के आउट होने के बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी का मोर्चा संभाला।