Mitchell Marsh Unfortunate Run Out Video: लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) के सलामी बल्लेबाज़ मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) ने बीते शुक्रवार, 15 मई को इकाना स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के गेंदबाज़ों की बेरहमी से कुटाई की और महज़ 38 गेंदों पर 9 चौके और 7 छक्के ठोककर 90 रन बनाए। गौरतलब है कि इस मुकाबले में मिचेल मार्श को बैटिंग करता देख सभी को लगा था कि वो अपनी सेंचुरी जरूर पूरी करेंगे, लेकिन 90 रनों के निजी स्कोर पर किस्मत ने मार्श का ऐसा हाथ छोड़ा कि वो बेहद ही अनलकी तरीके से आउट हो गए।
दरअसल, ये पूरी घटना LSG की इनिंग के 12वें ओवर में घटी। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ये ओवर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ मुकेश चौधरी करने आए थे जिसकी पांचवीं गेंद पर निकोलस पूरन ने एक स्ट्रेट ड्राइव खेली। ध्यान दें कि निकोलस पूरन के बैट से टकराने के बाद ये बॉल सीधा नॉन स्ट्राइकर एंड की तरफ गई, जहां वो गेंदबाज़ मुकेश चौधरी के हाथ से लगकर सीधा विकेट से टकराई।
सबसे बड़ी बात, जब ये पूरी घटना घटी तब मिचेल मार्श अपनी क्रीज से बाहर निकले हुए थे। उन्हें कोई उम्मीद नहीं थी कि पूरन का शॉट बॉलर के हाथ से टकराएगा और फिर विकेट पर भी लग जाएगा। तो इस तरह मिचेल मार्श अनलकी तरीके से रन आउट हुए और उन्हें 90 रनों के निजी स्कोर पर ही पवेलियन लौटना पड़ा। IPL ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।