चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। रांची में उनके नाम पर रजिस्टर्ड कार का ओवरस्पीडिंग के कारण चालान काटा गया है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब उनसे जुड़ा एक जमीन विवाद भी चर्चा में है।
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान एमएस धोनी के नाम पर रजिस्टर्ड एक कार पर रांची में ओवरस्पीडिंग का जुर्माना लगाया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रांची स्थित उनके फार्महाउस के पास वाहन तय गति सीमा से अधिक रफ्तार में चल रहा था। शहर की स्वचालित ट्रैफिक मॉनिटरिंग प्रणाली ने इस उल्लंघन को रिकॉर्ड किया, जिसके बाद मोटर वाहन अधिनियम की धारा 183 के तहत ₹1000 का ई-चालान जारी किया गया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पूरी तरह से ऑटोमैटिक सिस्टम के जरिए हुई है और वाहन के रजिस्ट्रेशन के आधार पर चालान जारी किया गया
गौरतलब है कि यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में झारखंड राज्य आवास बोर्ड ने भी धोनी को एक नोटिस जारी किया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, रांची के हरमू रोड स्थित एक रिहायशी प्लॉट के कथित दुरुपयोग को लेकर उन्हें नोटिस भेजा गया था। अधिकारियों का कहना है कि यह जमीन केवल आवासीय उपयोग के लिए निर्धारित है, लेकिन आशंका जताई गई कि वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। यह वही मकान है जहां धोनी पहले रहते थे, बाद में वह रिंग रोड स्थित अपने वर्तमान निवास पर शिफ्ट हो गए।