आईपीएल 2025 के 29वें मुकाबले में करुण नायर की तूफानी 89 रन की पारी भी दिल्ली कैपिटल्स को जीत नहीं दिला सकी। मुंबई इंडियंस ने बेहतरीन वापसी करते हुए यह मुकाबला 12 रन से जीत लिया। यह मुंबई की इस सीजन में दूसरी जीत है जबकि दिल्ली को पहली बार हार का सामना करना पड़ा।
आईपीएल 2025 के 29वें मुकाबले में रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने थे। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन मुंबई के बल्लेबाजों ने उन्हें निराश कर दिया।
पहली पारी में मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 205 रन बनाए। तिलक वर्मा ने 33 गेंदों में 59 रन की लाजवाब पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनके अलावा रियान रिकेल्टन ने 41, सूर्यकुमार यादव ने 40 और अंत में नमन धीर ने सिर्फ 17 गेंदों में 38 रन की तेज़तर्रार पारी खेली। दिल्ली की ओर से कुलदीप यादव और विपराज निगम ने 2-2 विकेट चटकाए।