IPL 2021: आईपीएल की सबसे सफल टीम मुम्बई इंडियंस है। मुंबई इंडियंस ने 2013,2015,2017,2019 और 2020 में रोहित शर्मा की कप्तानी में 5 बार खिताब जीता है। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि आईपीएल के इतिहास की सबसे सफल टीम मुम्बई इंडियंस ने आज तक कभी भी ऑक्शन में किसी खिलाड़ी को खरीदने के लिए भारी भरकम कीमत नहीं चुकाई है।
मुंबई इंडियस की टीम ने 2011 के ऑक्शन के दौरान रोहित शर्मा को खरीदने के लिए तकरीबन 9 करोड़ रूपए चुकाए थे और यही उनके द्वारा लगाई गई सबसे बड़ी बोली है। मुंबई इंडियंस की टीम में एक से बढ़कर एक धुरधंर हैं लेकिन यह बात हैरानी करने वाली है कि उन्होंने किसी भी खिलाड़ी को खरीदने के लिए मोटी कीमत नहीं चुकाई।
आईपीएल के इतिहास की सबसे सफल टीम बनने के पीछे मुंबई के लिए भारत के युवा खिलाड़ियों ने अहम योगदान दिया है। 2015 की ही बात करें तो पांड्या के लिए केवल मुंबई इंडियंस ने बोली लगाई थी और उन्हें बेस प्राइस 10 लाख रुपये में टीम के साथ जोड़ा था। यह बोली पांड्या की किस्मत बदलने के लिए काफी थी और उसके बाद उन्होंने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा।