Zak Crawley, First Class Cricket: इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली इन दिनों मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। टेस्ट टीम से बाहर किए जाने के बाद अब उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से भी अस्थायी ब्रेक लेने का फैसला किया है।
इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जैक क्रॉली ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से कुछ समय के लिए दूरी बनाने का फैसला किया है। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक टेस्ट टीम से बाहर किए जाने के बाद अब वह केंट की ओर से अगले दो काउंटी चैंपियनशिप मैचों में भी हिस्सा नहीं लेंगे। इस रिपोर्ट के मुताबिक, लगातार खराब प्रदर्शन के बाद क्रॉली ने खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से तरोताजा करने के लिए यह कदम उठाया है।
क्रॉली हाल ही में इंग्लैंड की टेस्ट टीम से बाहर कर दिए गए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए उनकी जगह एमिलियो गे को मौका मिला, जिन्होंने अपने डेब्यू टेस्ट में शानदार अर्धशतक लगाकर चयनकर्ताओं के फैसले को सही साबित किया। वहीं क्रॉली पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए हैं।