भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना अपने मंगेतर और पॉपुलर सिंगर पलाश मुच्छल के साथ जल्द ही शादी करने वाली हैं। दोनों ने सोशल मीडिया पर वीडियोज़ के जरिए ये साफ कर दिया है कि दोनों इस नए रिश्ते के लिए तैयार हैं। इसी बीच स्मृति के मंगेतर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी शेयर किया जिसमें उन्हें DY पाटिल स्टेडियम में स्मृति को प्रपोज़ करते हुए देखा जा सकता है।
यही वो जगह है जहां भारत ने इस महीने की शुरुआत में साउथ अफ्रीका के खिलाफ़ विमेंस वर्ल्ड कप फ़ाइनल जीता था। पलाश द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में, वो स्मृति को पिच के बीच में ले जाते हुए और उन्हें एक अंगूठी देकर सबसे बड़ा सरप्राइज़ देते हुए दिख रहे हैं। पलाश ने दिल को छू लेने वाला वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "उसने हां कह दिया।"
क्लिप की शुरुआत पलाश से होती है, जो स्मृति को, जिनकी आंखों पर पट्टी बंधी है, मुंबई के DY पाटिल स्टेडियम में ग्राउंड के बीच में ले जाते हैं। जब वो आख़िरकार आंखों से पट्टी हटाती हैं, तो वो देखती हैं कि उनका लॉन्गटाइम बॉयफ़्रेंड एक घुटने पर बैठकर उन्हें प्रपोज़ कर रहा है। खुश और इमोशनल स्मृति प्रपोज़ल स्वीकार कर लेती हैं। कुछ देर बाद, स्मृति और पलाश दोनों के दोस्त इस खास मौके को कपल के साथ मनाने के लिए पिच के बीच में पहुंचते हैं।