प्रभसिमरन सिंह ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के मुकाबले में ऐसी बल्लेबाजी की, जिसने मैच का पूरा रुख बदल दिया। पावरप्ले के आखिरी ओवर में उन्होंने मुकेश कुमार को पूरी तरह निशाने पर लिया और लगातार 6 चौके जड़ दिए। उनकी इस आक्रामक पारी ने पंजाब किंग्स को ऐतिहासिक जीत की राह पर डाल दिया।
दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में (25 अप्रैल) को खेले गए आईपीएल 2026 के इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में बल्लेबाजों का जलवा देखने को मिला। 265 रन के विशाल लक्ष्य का पीछे करते हुए पावरप्ले में ही पंजाब किंग्स के ओपनर्स ने आक्रामक तेवर दिखा दिए थे। प्रियांश आर्य के साथ मिलकर प्रभसिमरन ने तेजी से रन बटोरे और टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। लेकिन असली तूफान तब आया जब दिल्ली कैपिटल्स की ओर से पावरप्ले का आखिरी ओवर लेकर मुकेश कुमार आए।
इस ओवर में प्रभसिमरन ने हर गेंद को बाउंड्री तक पहुंचाया। उन्होंने लगातार 6 गेंदों पर 6 चौके जड़कर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास में एक ओवर में 6 चौके लगाने वाले गिने-चुने बल्लेबाजों में शामिल हो गए। इससे पहले यह कारनामा अजिंक्य रहाणे और पृथ्वी शॉ ही कर पाए थे।