दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के लिए बीते कुछ दिन काफी बुरे रहे हैं और अब ऐसा लग रहा है कि उनके लिए आने वाले कुछ दिन भी अच्छे नहींं होने वाले हैं। आईपीएल 2023 में फ्लॉप चल रहे पृथ्वी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कुछ महीने पहले पृथ्वी शॉ के साथ सेल्फी को लेकर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सपना गिल ने जो बवाल किया था अब भी वो थमने का नाम नहीं ले रहा है।
सपना गिल विवाद में अब बॉम्बे हाईकोर्ट ने पृथ्वी शॉ को नोटिस थमा दिया है। जिन लोगों को नोटिस भेजा गया है उनमें पृथ्वी समेत 11 लोगों के नाम शामिल हैं।इन 11 लोगों में पुलिस के कई अधिकारी और पृथ्वी शॉ के दोस्तों का नाम भी शामिल है। कोर्ट ने ये नोटिस उस एफआईआर को लेकर भेजा है, जो सपना गिल के खिलाफ की गई थी।
इस मामले में सपना गिल भी पृथ्वी शॉ के खिलाफ कोर्ट पहुंच गई हैं। सपना गिल ने पृथ्वी को झटका देते हुए मुंबई की अंधेरी मजिस्ट्रेट अदालत में उनके खिलाफ एक क्रिमिनल शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत में पृथ्वी शॉ के अलावा उनके दोस्त का नाम भी शामिल है। पृथ्वी शॉ के साथ मारपीट के मामले में सपना गिल को जमानत मिल गई थी लेकिन वो अब इस मामले को शांत करने के मूड में नहीं दिख रही हैं।