दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के लिए बीते कुछ दिन काफी बुरे रहे हैं और अब ऐसा लग रहा है कि उनके लिए आने वाले कुछ दिन भी अच्छे नहींं होने वाले हैं। आईपीएल 2023 में फ्लॉप चल रहे पृथ्वी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कुछ महीने पर पृथ्वी शॉ के साथ सेल्फी को लेकर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सपना गिल ने जो बवाल किया था अब भी वो थमने का नाम नहीं ले रहा है।
अब इस कड़ी में सपना गिल पृथ्वी शॉ के खिलाफ कोर्ट पहुंच गई हैं। सपना गिल ने पृथ्वी को झटका देते हुए मुंबई की अंधेरी मजिस्ट्रेट अदालत में उनके खिलाफ एक क्रिमिनल शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत में पृथ्वी शॉ के अलावा उनके दोस्त का नाम भी शामिल है। पृथ्वी शॉ के साथ मारपीट के मामले में सपना गिल को जमानत मिल गई थी लेकिन वो अब इस मामले को शांत करने के मूड में नहीं दिख रही हैं।
सपना ने पृथ्वी शॉ और उनके दोस्त के खिलाफ बैट से मारने और उनके साथ छेड़छाड़ करने समेत कई मामलों में शिकायत दर्ज कराई है। सपना ने इन मामलों को दर्ज कराने के साथ-साथ सरकारी अस्पताल का एक मेडिकल सर्टिफिकेट भी दिया है, जिसमें उनके द्वारा उनके साथ यौन शोषण का मामला भी उजागर किया गया है। पृथ्वी और उनके दोस्त के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 509 और 324 के तहत केस दर्ज किया गया है।