आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में किया जाएगा। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में खिताब जीतने की प्रबल दावेदारों में शामिल होगी। टूर्नामेंट में अभी काफी समय बाकी है, लेकिन इस बीच पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने वर्ल्ड कप के लिए अपने पसंदीदा पांच तेज गेंदबाजों का चुनाव किया है।
सोनी स्पोर्ट्स की ओर से उनके सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में अश्विन ने अपनी पसंद के गेंदबाजों के नाम बताए। उनकी लिस्ट में पहला नाम भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का रहा। बुमराह मौजूदा समय में भारत के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में से एक हैं और अश्विन ने उन्हें अपनी टीम में सबसे पहले चुना।
अश्विन की लिस्ट में दूसरा नाम प्रसिद्ध कृष्णा का है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि प्रसिद्ध को वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने के लिए पूरी तरह फिट और अच्छी लय में रहना होगा। तीसरे गेंदबाज के तौर पर उन्होंने मोहम्मद सिराज को चुना। अश्विन का मानना है कि आने वाले महीनों में सिराज को वनडे क्रिकेट में ज्यादा मौके मिलने चाहिए, ताकि वह अपनी लय हासिल कर सकें। सिराज ने 2026 में अब तक सिर्फ चार वनडे मुकाबले खेले हैं और इस फॉर्मेट में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले हैं।