IPL 2026, Kolkata Knight Riders vs Lucknow Super Giants: आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने संतुलित बल्लेबाजी करते हुए 181 रन का स्कोर खड़ा किया। अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने पारी की नींव रखी। इसके बाद कैमरून ग्रीन और रॉवमैन पॉवेल ने अहम रन जोड़ते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 15वां मुकाबला गुरुवार (9 अप्रैल) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स को फिन एलन के रूप में शुरुआती झटका लग गया, जो सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि इसके बावजूद टीम ने पावरप्ले में 56 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत की। कप्तान अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने पारी की नींव रखते हुए दूसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 84 रन की शानदार साझेदारी की।