India vs Afghanistan 2nd ODI: अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर राशिद खान (Rashid Khan 450 Wickets) ने बुधवार (17 जून) को भारतीय टीम के खिलाफ लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में दूसरे वनडे मैच के दौरान खास रिकॉर्ड बना दिया। राशिद ने शानदार बल्लेबाजी कर रहे भारतीय ओपनर रोहित शर्मा को आउट कर अफगान टीम को पहली सफलता दिलाई। रोहित अर्धशतक से चूक गए और 39 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत 48 रन बनाए।
रोहित वनडे इंटरनेशनल राशिद का 212वां शिकार बने। इसके साथ ही राशिद ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 450 विकेट और पूरे कर लिए औऱ ऐसा करने वाले अफगानिस्तान के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। राशिद के नाम टेस्ट क्रिकेट में 45 विकेट और टी-20 इंटरनेशनल में 193 विकेट दर्ज हैं।
राशिद ने 240 मैच में 450 इंटरनेशनल विकेट पूरे किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने सबसे तेज यह मुकाम हासिल करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। सबसे तेज 450 इंटरनेशनल विकेट पूरे करने का रिकॉर्ड पहले मुथैया मुरलीधरन के नाम दर्ज था, जिन्होंने 269 मैच में यह मुकाम हासिल किया था।