Rinku Singh News: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के सुपर-8 राउंड का आठवां मुकाबला गुरुवार, 26 फरवरी को भारत और जिम्बाब्वे (IND vs ZIM) के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। गौरतलब है कि इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम के खेमे से जुड़ी एक बेहद अच्छी खबर सामने आई है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज़ रिंकू सिंह जो कि अपने पिता खानचंद सिंह की तबीयत बिगड़ने के कारण अचानक से कैंप छोड़कर वापस घर लौट गए थे, वो स्क्वाड में वापसी करने के लिए तैयार हैं। खुद भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने इस खबर की जानकारी दी है।
उन्होंने भारत-जिम्बाब्वे के मुकाबले की प्री-प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिंकू सिंह की उपलब्धता पर बात रखी। वो बोले, "रिंकू के पिताजी ठीक नहीं हैं, उन्होंने एक ब्रेक लिया है। उम्मीद है कि वो शाम (बुधवार) तक टीम के साथ जुड़ जाएंगे।" गौरतलब है कि रिंकू 24 फरवरी की सुबह टीम कैंप छोड़कर अपने पिता से मिलने गए थे, जो ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे हैं और लाइफ सपोर्ट पर हैं।