इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) को खत्म हुए अभी डेढ़ महीना भी नहीं हुआ था कि एक बड़ी ट्रेड पर आधिकारिक मोहर लग गई है। जी हां, हम बात कर रहे हैं दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) और लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) के बीच कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) और ऋषभ पंत (Rishabh Pant) की अदला-बदली की जो अब आधिकारिक तौर पर पूरी हो गई है।
ऋषभ पंत जिन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने साल 2025 के ऑक्शन में रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीदा था, वो अब वापस अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स में लौट चुके हैं। गौर करें कि इस ट्रेड के बाद ऋषभ पंत की सैलरी में गिरावट आई है और वो 15 करोड़ रुपये की फीस पर दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने वाले हैं। दूसरी तरफ बात करें अगर कुलदीप यादव की तो वो अपनी वर्तमान सैलरी यानी 13.50 करोड़ में ही लखनऊ सुपर जायंट्स की फ्रेंचाइजी में जुड़ेंगे।
याद दिला दें कि साल 2016 में ऋषभ पंत ने दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़कर ही अपने IPL सफर की शुरुआत की थी। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल होने से पहले DC के लिए कुल 9 सीजन खेले और 111 मैचों में 3,284 रन बनाए। वो IPL में दिल्ली के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। इसके अलावा ऋषभ साल 2021 से साल 2024 तक (चार साल) दिल्ली कैपिटल्स के कैप्टन रहे और उन्होंने 43 मुकाबलों में ये जिम्मेदारी संभाली।