भारत के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने आखिरी ग्रुप मैच में नीदरलैंड के गेंदबाजों और फील्डर्स ने अपने शानदार प्रदर्शन से हर किसी का दिल जीत लिया। इस दौरान 41 साल के अनुभवी खिलाड़ी रूलोफ वैन डेर मर्व ने एक ऐसा कैच पकड़ा जिसे देखकर आप भी दांतों तले उंगलियां दबा लेंगे। उनके इस कैच का वीडियो खुद आईसीसी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
18 फरवरी, 2026 को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में तिलक वर्मा धीरे-धीरे खतरनाक ज़ोन में बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन जब उन्होंने अटैकिंग मोड अपनाते हुए लोगान वैन बीक के खिलाफ हवाई शॉट लगाने की कोशिश की तभी वैन डेर मर्व ने एक गजब के कैच से उनकी पारी का अंत कर दिया। ये गज़ब का कैच इतना शानदार था कि हर कोई हैरान रह गया। उनके कैच का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
वहीं, भारतीय पारी की बात करें तो शुरुआती झटकों के बाद शिवम दुबे ने हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर भारतीय टीम को 193 रनों तक पहुंचाया। भारत के लिए शुरुआत कुछ खास नहीं रही और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद ईशान किशन ने तेज़ शुरुआत तो दी, लेकिन 7 गेंदों में 18 रन बनाकर बड़ी पारी नहीं खेल सके।