दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने आईपीएल 2022 के 69वें मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए मुंबई इंडियंस के सामने जीत के लिए 160 रनों का लक्ष्य रखा। दिल्ली की टीम को इस लक्ष्य तक पहुंचाने में पावर हिटर रोवमैन पॉवेल ने अहम भूमिका निभाई। बुमराह की गेंद पर बोल्ड होने से पहले पॉवेल ने 34 गेंदों में 43 रन बनाए और अपनी टीम के लिए टॉप स्कोरर रहे।
अपनी इस पारी के दौरान पॉवेल ने 1 चौका और 4 गगनचुंबी छक्के भी लगाए। इनमें से दो छक्के तो उन्होंने एक ही ओवर में लगा दिए और उनका शिकार बने मुंबई के युवा स्पिनर ऋतिक शौकीन। रोहित ने दिल्ली की पारी के 12वें ओवर की जिम्मेदारी ऋतिक को दी थी और उन्होंने सोचा था कि शायद वो इस ओवर में विकेट निकाल कर देंगे लेकिन हुआ बिल्कुल इसके उलट।
पॉवेल ने इस ओवर में दो लंबे-लंबे छक्के लगाकर ऋतिक को आईना दिखाने का काम किया। इस ओवर की दूसरी गेंद पर पॉवेल ने सबसे पहले घुटनों के बल बैठकर लंबा छक्का लगाया और इसके बाद इसी ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने आगे निकलकर एक और छक्का लगाकर मुंबई के इस युवा खिलाड़ी के होश उड़ा दिए। इस दौरान ऋतिक सिर्फ गेंद को तारा बनते हुए देख सकते थे और कुछ नहीं।