SA vs AUS 2nd ODI Highlights: साउथ अफ्रीका ने रविवार (27 सितंबर) को जोहान्सबर्ग के द वांडरर्स स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया को 32 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है और सीरीज अपने नाम कर ली है।
पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर साउथ अफ्रीका की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 365 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। मेजबान टीम के लिए कप्तान टेम्बा बावुमा और डेविड मिलर ने शानदार शतक जड़े और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए टेम्बा बावुमा ने जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी करते हुए 116 गेंदों में 103 रन की शानदार पारी खेली। वहीं पांचवें नंबर पर उतरे डेविड मिलर ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 93 गेंदों में 142 रन ठोक दिए, जिसमें 12 चौके और 9 छक्के शामिल रहे।