आईपीएल में गुजरात टाइटंस के ओपनर्स साईं सुदर्शन और शुभमन गिल ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दोनों ने शतकीय साझेदारी कर आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा शतकीय ओपनिंग पार्टनरशिप करने वाली जोड़ियों की खास लिस्ट में अपनी जगह बना ली।
आईपीएल में गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साईं सुदर्शन और शुभमन गिल लगातार अपनी शानदार बल्लेबाजी से रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा रहे हैं। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शनिवार (9 मई) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के 52वें मुकाबले में इस जोड़ी ने एक बार फिर धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया।
दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 66 गेंदों में 118 रन जोड़ दिए और राजस्थान के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। शुभमन गिल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 84 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं साईं सुदर्शन ने भी शानदार बल्लेबाजी कर 36 गेंदों में 55 रन ठोके, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल थे।