गुजरात टाइटंस के युवा स्टार बल्लेबाज साईं सुदर्शन ने IPL 2026 में शानदार फॉर्म जारी रखते हुए लगातार पांचवां अर्धशतक जड़ दिया। इसके साथ ही वह IPL इतिहास में लगातार पांच मैचों में फिफ्टी लगाने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
आईपीएल 2026 का 66वां मुकाबला गुरुवार (21 मई) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस को साईं सुदर्शन ने शुभमन गिल के साथ मिलकर धमाकेदार शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए सिर्फ 74 गेंदों में 125 रन जोड़े। कप्तान शुभमन गिल ने 37 गेंदों में 64 रन ठोके, वहीं दूसरी तरफ साईं सुदर्शन ने एक छोर संभाले रखा और शानदार बल्लेबाजी करते हुए लगातार रन बटोरे। उन्होंने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए भी 37 गेंदों में 82 रन की तेज साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। साईं ने 53 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।