IND vs SL 2nd Test: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन मंगलवार (25 अगस्त) को मैदान पर क्रिकेट के साथ-साथ खिलाड़ियों के बीच मजेदार बातचीत भी देखने को मिली। ऋषभ पंत की जगह बतौर सब्स्टीट्यूट फील्डिंग कर रहे सरफराज खान (Sarfaraz Khan) ने शॉर्ट लेग पर खड़े होकर श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा (Dhananjaya de Silva) को भी खूब छेड़ा।
यह पूरा मामला श्रीलंका की पहली पारी के 35वें ओवर के दौरान हुआ। मानव सुथार गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की तीसरी गेंद पर धनंजय डी सिल्वा ने शानदार शॉट खेलते हुए गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। इसके बाद धनंजय अगली गेंद खेलने के लिए कुछ समय लेने लगे। इसी बीच शॉर्ट लेग में खड़े सरफराज खान ने श्रीलंकाई कप्तान पर कमेंट करना शुरू कर दिया।
सरफराज ने धनंजय से कहा, "तुम बस समय बर्बाद कर रहे हो भाई। डरो मत, खेलो! तुम कप्तान हो। तुम इसी का इंतजार कर रहे हो।" दोनों खिलाड़ियों के बीच यह बातचीत कैमरों में भी कैद हो गई।