Shashank Singh: पंजाब किंग्स (PBKS) ने रविवार को आईपीएल 2026 के अपने मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) पर 54 रनों की शानदार जीत दर्ज की, लेकिन एक चीज़ जिसमें कमी दिखी वो थी उनकी फील्डिंग। शशांक सिंह इसके मुख्य ज़िम्मेदार रहे, जिन्होंने आउटफील्ड में तीन कैच छोड़े।
शशांक के कैच छोड़ने से पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर खुश नहीं दिखे, जबकि हेड कोच रिकी पोंटिंग हैरानी से उन्हें घूरते नज़र आए। हालांकि, मैच के बाद अय्यर और पोंटिंग ने दिल जीत लिया और दोनों को शशांक के साथ हल्के-फुल्के पल साझा करते हुए देखा गया। जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।
शशांक ने पहले युजवेंद्र चहल द्वारा डाले गए पारी 14वें ओवर में लखनऊ के बल्लेबाज निकोलस पूरन का कैच छोड़ा। 18वें ओवर में, एडेन मार्करम ने शॉट खेला और शशांक गेंद का सहीं अंदाजा नहीं लगा पाए, जिससे गेंद बाउंड्री पर जाकर लगी और छक्का हो गया। इस बार, विज़ुअल्स में पोंटिंग डगआउट में खड़े नज़र आए, शशांक के प्रयास को देखकर संभवत: निराश दिखे।