अर्शदीप सिंह की कप्तानी वाली लुधियाना लायंस टीम ने अपनी नई जर्सी लॉन्च की है। टीम 1 सितंबर को बठिंडा रॉयल्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी और इसी नई जर्सी में मैदान पर उतरेगी।
जर्सी का अनावरण एक विशेष कार्यक्रम में किया गया। इस दौरान टीम के आधिकारिक मैस्कॉट 'शेर सिंह' और टीम का एंथम (गीत) भी लॉन्च किया गया। इस आयोजन में टीम ने अपने नए सीजन की तैयारियों की झलक दिखाई। यह मैस्कॉट उस निडर साहस का प्रतीक है जो लुधियाना लायंस के आने वाले सीजन में खेले जाने वाले क्रिकेट के अंदाज में दिखेगा।
लुधियाना लायंस के मुख्य खिलाड़ी अर्शदीप सिंह ने कहा, "शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के पहले सीजन को लेकर बहुत उत्साहित हूं और लुधियाना लायंस का हिस्सा बनना सम्मान की बात है। अब तक तैयारियां बहुत अच्छी रही हैं। हमने अपनी स्किल्स पर काम करने, टीम में अपनी भूमिकाओं को समझने और एक पूरी टीम के तौर पर मैच की अलग-अलग स्थितियों के लिए तैयारी करने में काफी समय बिताया है। अब, मुख्य फोकस ट्रेनिंग ग्राउंड के उस आत्मविश्वास को मैचों में ले जाने पर है ताकि लीग जीतने के लिए हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।"