T20 World Cup 2026, India vs Netherlands: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 36वें मुकाबले में भारत ने शानदार वापसी करते हुए नीदरलैंड के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा किया। शुरुआती झटकों के बाद शिवम दुबे ने हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर रनगति को तेज़ कर दिया। दुबे की विस्फोटक बल्लेबाज़ी के चलते भारत 193 रन तक पहुंचने में कामयाब रहा।
बुधवार (18 फरवरी) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया। हालांकि शुरुआत भारत के लिए कुछ खास नहीं रही और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद ईशान किशन ने तेज़ शुरुआत तो दी, लेकिन 7 गेंदों में 18 रन बनाकर बड़ी पारी नहीं खेल सके।
मध्यक्रम में तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने कुछ देर पारी संभाली। तिलक ने संयम के साथ 27 गेंदों में 31 रन जोड़े, जबकि कप्तान सूर्यकुमार ने 28 गेंदों में 34 रनों की उपयोगी पारी खेली। इसके बाद शिवम दुबे ने जिम्मेदारी उठाते हुए हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 76 रन की अहम साझेदारी निभाई। दुबे ने 4 चौके और 6 छक्कों की मदद से 31 गेंदों में 66 रन ठोके, वहीं हार्दिक पांड्या ने 21 गेंदों में 30 रन बनाकर पारी को मजबूती दी। इन पारियों की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 193 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।