Shreyas Iyer Unwanted Record: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला (ENG vs IND 2nd T20) बीते शनिवार, 04 जुलाई को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था जहां हैरी ब्रूक (Harry Brook) की कैप्टेंसी वाली इंग्लिश टीम ने 19 ओवर में 191 रनों का लक्ष्य हासिल करके टीम इंडिया को 4 विकेट से मात दी। गौरतलब है कि मैनचेस्टर में भारत को मिली हार के बाद अब कैप्टन श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) के नाम एक बेहद ही शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
दरअसल, श्रेयस अय्यर भारत के ऐसे एकलौते कैप्टन बन गए हैं जिनकी लीडरशिप में शुरुआती चार मुकाबलों में टीम इंडिया को एक भी जीत नहीं मिली। भारत के 20 साल के T20I इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है। ध्यान दें कि श्रेयस से पहले कुल 14 खिलाड़ियों ने देश की टी20 फॉर्मेट में कैप्टेंसी की और इनमें से 10 कैप्टन ऐसे थे, जिन्होंने तीन या उससे ज्यादा मैचों में कैप्टेंसी का भार संभाला।
याद दिला दें कि श्रेयस ने आयरलैंड टूर से अपने कैप्टेंसी सफर की शुरुआत की जहां टीम इंडिया को 2-0 से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद टीम इंडिया इंग्लैंड टूर पर आई जहां चेस्टर-ले-स्ट्रीट पर खेला गया पहला टी20 बारिश के कारण धूल गया। फिर दूसरे टी20 मैनचेस्चर में खेला गया जहां इंग्लैंड ने भारतीय टीम को 4 विकेट से हार का स्वाद चखाया।