आईपीएल 2026 में शुभमन गिल और साईं सुदर्शन की ओपनिंग जोड़ी लगातार इतिहास रच रही है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दोनों बल्लेबाजों ने एक और शतकीय साझेदारी कर IPL का बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके साथ ही दोनों ने टी20 क्रिकेट में क्रिस गेल और विराट कोहली की वर्ल्ड रिकॉर्ड साझेदारी की भी बराबरी कर ली।
आईपीएल 2026 का 66वां मुकाबला गुरुवार (21 मई) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन शुभमन गिल और साईं सुदर्शन की जोड़ी ने शुरुआत से ही CSK के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस को दोनों सलामी बल्लेबाजों ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। गिल और सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 74 गेंदों में 125 रन की शानदार साझेदारी की। शुभमन गिल ने सिर्फ 37 गेंदों में 64 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं साईं सुदर्शन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 84 रन ठोके। उनकी पारी में 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।