इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 सीजन के लिए गुरुवार को चेन्नई में जारी खिलाड़ियों की नीलामी में साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस (Chris Morris) को राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) ने 16.25 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपने साथ जोड़ लिया। इसके साथ मॉरिस आईपीएल नीलामी में बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम था, जिन्हें 2015 की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने 16 करोड़ में खरीदा था।
मॉरिस का बेस ब्राइस 75 लाख रुपये था। मुंबई इंडियंस ने सबसे पहले उनके लिए बोली लगाई। इसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर भी मॉरिस को फिर से अपने साथ जोड़ने के लिए कूद पड़ा।
आरसीबी मॉरिस के लिए सात करोड़ रुपये तक की बोली लगा चुका था, लेकिन मुंबई भी पीछे नहीं थी और उसने साउथ अफ्रीका आलराउंडर के लिए नौ करोड़ रुपये तक की बोली लगा दी।