इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का एलिमिनेटर मुकाबला बुधवार, 27 मई को सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच PCA स्टेडियम, मुल्लांपुर में खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 07:30 बजे से शुरू होगा लेकिन मैच से पहले फैंस के मन में मौसम को लेकर सवाल बना हुआ है तो चलिए आपको बताते हैं कि मैच के दौरान मौसम कैसा रहने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार, न्यू चंडीगढ़ में मौसम बेहद गर्म रहेगा और उम्मीद है कि शाम के समय भी तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दूसरी पारी में बाद में ओस की भूमिका हो सकती है, जिससे लक्ष्य का पीछा करना थोड़ा आसान हो जाएगा लेकिन मैच के दौरान बारिश की संभावना ना के बराबर है जिसका मतलब ये है कि फैंस को पूरे 40 ओवर का खेल देखने को मिल सकता है।
गौरतलब है कि IPL के मौजूदा सीजन में इन दोनों टीमों की कुल दो बार टक्कर हुई है और दोनों ही बार सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को रौंदकर मुकाबला जीता है। बात करें इनके बीच हुए आखिरी मुकाबले की तो उसमें SRH ने 18.3 ओवर में 229 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य हासिल करके 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। इस मुकाबले में ईशान किशन ने महज़ 31 गेंदों पर 238.71 की तूफानी स्ट्राइक रेट से 74 रन ठोके थे।