Sri Lanka Fined: इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार (22 सितंबर) को चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेला गया। इस मुकाबले में श्रीलंका को 89 रन से हार का सामना तो करना पड़ा ही, लेकिन साथ ही मैच के दौरान टीम से ऐसी गलती हुई, जिस पर अब आईसीसी ने एक्शन लिया है।
दरअसल, श्रीलंका की टीम इस मुकाबले में निर्धारित समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर पाई थी। सभी अनुमत समय की कटौती को ध्यान में रखने के बाद भी टीम तय ओवर रेट से तीन ओवर पीछे थी। इसी वजह से श्रीलंका पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
मैच रेफरी और आईसीसी के एलीट पैनल के मैच रेफरी के सदस्य जेफ क्रो ने श्रीलंका की टीम को इस नियम के उल्लंघन का दोषी पाया। कप्तान कुसल मेंडिस ने भी अपनी टीम की गलती स्वीकार कर ली और प्रस्तावित सजा को बिना किसी विरोध के मान लिया। ऐसे में मामले की सुनवाई के लिए किसी औपचारिक अनुशासनात्मक बैठक की जरूरत नहीं पड़ी।