सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शनिवार को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 170 रन जुटाए। जायसवाल 86 गेंदों में 17 बाउंड्री के साथ 110 रन बनाकर नाबाद रहे। यह छठे वनडे मैच में उनका दूसरा शतक रहा। इसी के साथ जायसवाल सबसे कम पारियों में दो वनडे शतक लगाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष पर आ गए हैं।
24 वर्षीय जायसवाल ने इस मामले में शिखर धवन को पछाड़ दिया है, जिन्होंने 7वीं पारी में अपना दूसरा वनडे शतक लगाया था। वहीं, केदार जाधव (9) लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। विराट कोहली ने 17वीं पारी में यह कारनामा किया था, जबकि शुभमन गिल को अपना दूसरा वनडे शतक लगाने के लिए 18 पारियां खेलनी पड़ी थीं।
अफगानिस्तान को 44.2 ओवरों में 218 रन पर समेटने के बाद भारत ने महज 28.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। जीत के बाद जायसवाल ने बताया कि वह 'खेलते रहने और आखिर तक डटे रहने' के लिए पक्के इरादे के साथ मैदान पर उतरे थे।