अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने शुक्रवार को आयरलैंड के खिलाफ होने वाली 5 वनडे मैचों की सीरीज के लिए अफगानिस्तान स्कवॉड का ऐलान किया। रहमत शाह की कप्तानी में घोषित 15 सदस्यीय टीम से अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी को टीम से बाहर कर दिया गया है। वहीं बाएं हाथ के तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी की टीम में वापसी हुई है।
वनडे और टेस्ट टीम की कप्तानी से हाल ही में इस्तीफा देने वाले हशमतुल्लाह शाहिदी बतौर बल्लेबाज टीम में बने हुए हैं। वहीं, फजलहक फारूकी के साथ तेज गेंदबाजों यामीन अहमदजई और सलीम सफी को टीम में जगह दी गई है। टीम में स्टार लेग-स्पिनर राशिद खान, ओपनर और विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जदरान, ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई और ऑफ-स्पिनर एएम गजनफर शामिल हैं।
टीम से ड्रॉप किए गए खिलाड़ियों में सबसे बड़ा नाम पूर्व कप्तान अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी का है। इसके अलावा, भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा रहे तेज गेंदबाज फरीद मलिक और बिलाल सामी को लेग-स्पिनर कैस अहमद और पेसर बशीर अहमद के साथ रिजर्व लिस्ट में डाल दिया गया है।