भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरा वनडे मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
अफगानिस्तान ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव किए हैं। टॉस जीतने के बाद कप्तान शाहिदी ने कहा, "हम पहले बैटिंग करना चाहते हैं। इस महीने में भारत में हमेशा गर्मी रहती है। विकेट भी अच्छा लग रहा है। यह सूखा और ठोस है। उम्मीद है कि बल्लेबाजी में हमारी शुरुआत अच्छी होगी। पिछले दो मैच में हम कुछ एरिया में चूक गए और पहले जैसा नहीं खेले। उम्मीद है कि आज हम रिकवर करेंगे और अच्छी पार्टनरशिप करेंगे और सही एरिया में गेंदबाजी करेंगे। हमने प्लेइंग इलेवन में 4 बदलाव किए हैं। नबी वापस आ गया है, अजमत खेल रहे हैं।"
भारतीय टीम में नीतीश कुमार रेड्डी की वापसी हुई है। टॉस हारने के बाद कप्तान गिल ने कहा, "बहुत अच्छा विकेट लग रहा है। हम भी पहले बैटिंग ही करते। पिछले मैच में काफी गर्मी थी और यहां भी कुछ अलग नहीं होने वाला है। यह उन एरिया में निरंतर रहने के बारे में है जिन पर हम ध्यान दे रहे हैं। रनों का पीछा करना एक ऐसी चीज है, जो हमने इस सीरीज में नहीं किया है। प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव हैं। प्रसिद्ध, हर्ष और नीतीश रेड्डी वापस आ गए हैं।"