T20 World Cup: भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में अपने सफर का आगाज जीत के साथ किया है। शनिवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने यूएसए को 29 रन से हरा दिया। टीम इंडिया के जीत के हीरो कप्तान सूर्यकुमार यादव रहे जिन्होंने 49 गेंद पर नाबाद 84 रन की विस्फोटक पारी खेली। भारतीय कप्तान को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान सूर्यकुमार यादव ने कहा, "टीम जब 77 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी, तो मुझे लगता था कि एक बल्लेबाज को अंत तक खेलने की जरूरत है। मुझे कभी नहीं लगा कि यह 180-190 विकेट है। मुझे लगा कि यह 140 विकेट है। गौती भाई ने 14 ओवर के बाद ब्रेक के दौरान मुझसे यही बात कही। उन्होंने कहा कि आखिर तक बल्लेबाजी की कोशिश करो, तुम इसे कभी भी कवर कर सकते हो।"
भारतीय कप्तान ने कहा, "मैंने अपना बहुत सारा क्रिकेट मुंबई में, इस विकेट पर और मुंबई क्रिकेट के मैदानों पर खेला है। इसलिए मुझे पता है कि इस तरह के विकेटों पर कैसे बल्लेबाजी करनी है। मैं बस गिनता रहा कि उस समय कौन गेंदबाजी करने वाला है और देखता रहा कि कितनी गेंद बची हैं, और मैं बस अच्छे और अपने शॉट खेलने की कोशिश कर रहा था।"