भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि इंग्लैंड दौरे के खत्म होने के बाद बीसीसीआई भारतीय मेंस टी20 टीम के प्रदर्शन को रिव्यू करेगा। गुरुवार को चौथे टी20 में मिली हार के साथ ही भारत ने पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ द्विपक्षीय टी20 सीरीज गंवाई।
इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 में मिली हार के साथ ही भारतीय टीम को लगातार दूसरी टी20 सीरीज गंवानी पड़ी है। इससे पहले, आयरलैंड के खिलाफ भी भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था और टीम दो मैचों की सीरीज में एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी थी। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए भारतीय टी20 टीम के प्रदर्शन में आई गिरावट को माना, लेकिन रिव्यू मीटिंग में समाधान निकालने का भी भरोसा जताया।
उन्होंने कहा, "बात बहुत सीधी है। भारतीय टी20 टीम पहले आयरलैंड और अब इंग्लैंड के खिलाफ अपने मैचों में बुरे दौर से गुजर रही है। इसी वजह से हमें यह सीरीज खत्म होने के बाद रिव्यू करना होगा। फिलहाल पुरुष टी20 टीम का प्रदर्शन के मामले में बुरा दौर चल रहा है।"