भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स चोट के चलते यूएई में होने वाले एशिया कप और जापान में होने वाले एशियन गेम्स से भी बाहर हो गई हैं।
जेमिमा को दाएं हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट के कारण इन दोनों बड़े टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है। 25 वर्षीय जेमिमा को यह चोट 3 अगस्त को इंग्लैंड में 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट में सदर्न ब्रेव टीम के लिए खेलते समय लगी थी और उन्हें टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर होना पड़ा था।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया, "बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने बेंगलुरु में स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में जेमिमा की जांच की और जांच में गंभीर चोट की पुष्टि हुई। इस वजह से, वह यूएई में होने वाले एसीसी महिला एशिया कप और जापान में होने वाले एशियन गेम्स से बाहर हो गई हैं।"