New Chandigarh: वेस्टइंडीज ने कप्तान शाई होप की 162 रनों की नाबाद पारी के दम पर भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे और अंतिम मैच को 5 विकेट से अपने नाम किया। यह वनडे में वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा सफल रन-चेज रहा। भले ही पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित यह मैच मेहमान टीम के नाम रहा, मगर सीरीज भारत ने 2-1 से जीती।
शनिवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने खराब शुरुआत के बावजूद 351/7 का स्कोर खड़ा किया। मेजबानों ने महज 4 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद रोहित शर्मा ने ऋतुराज गायकवाड़ (57) के साथ तीसरे विकेट के लिए 132 गेंदों में 137 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला। रोहित 85 गेंदों में 3 छक्कों और 10 चौकों के साथ 92 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
इसके बाद केएल राहुल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने नमन धीर के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 गेंदों में 65 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 225 के स्कोर तक पहुंचाया। नमन धीर 30 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद डेब्यूटेंट अंशुल कंबोज (17) के साथ केएल राहुल ने 28 गेंदों में 40 रन, जबकि गुरनूर बरार (नाबाद 8) के साथ सिर्फ 26 गेंदों में 61 रन की अटूट साझेदारी करते हुए भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। केएल राहुल 87 गेंदों में 6 छक्कों और 10 चौकों के साथ 129 रन बनाकर नाबाद रहे।